Festival of Bastar culture: बस्तर की संस्कृति का महोत्सव: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने किया ‘बस्तर पंडुम’ का उद्घाटन

जगदलपुर | राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने जगदलपुर के लालबाग मैदान में आयोजित ‘बस्तर पंडुम’ के संभाग स्तरीय कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ किया। राष्ट्रपति ने सुबह 10:55 से 11:10 बजे तक बस्तर पंडुम परिसर में लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया और जनजातीय कला व संस्कृति की सराहना की।

इस अवसर पर राज्यपाल रमेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा सहित राज्य सरकार के कई मंत्री, जनप्रतिनिधि और अन्य गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।

बस्तर पंडुम के अंतर्गत विभिन्न जनजातियों द्वारा पारंपरिक नृत्य, लोकगीत, वाद्ययंत्र, पारंपरिक वेशभूषा और रीति-रिवाजों की मनमोहक प्रस्तुतियां दी जाएंगी, जो बस्तर की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को दर्शाती हैं।
राष्ट्रपति के आगमन को लेकर सुरक्षा, यातायात और कार्यक्रम संचालन की व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। प्रशासनिक अमला पूरी तरह सतर्क और मुस्तैद नजर आया। वहीं, आज शाम को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के भी रायपुर पहुंचने की जानकारी है।





