विविध ख़बरें

United Front State Working Committee Meeting: 2047 तक ‘विकसित भारत’ का लक्ष्य, कार्यकर्ताओं को जन-जन तक पहुँचाने का आह्वान

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मुख्यालय  कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में संयुक्त मोर्चा प्रदेश कार्यसमिति बैठक सम्पन्न हुई। बैठक को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि वर्ष 2047 तक ‘विकसित भारत’ की संकल्पना को साकार करना हम सभी का लक्ष्य है। इसके लिए पार्टी के प्रदेश से लेकर बूथ स्तर तक सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता शासन की योजनाओं एवं ‘मोदी की गारंटी’ की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुँचाने में सक्रिय भूमिका निभाएँ।

WhatsApp Image 2026 02 16 at 7.22.41 PM 1

मुख्यमंत्री साय ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि भाजपा विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है, जिसके देशभर में 14 करोड़ से अधिक कार्यकर्ता हैं। छत्तीसगढ़ में 60 लाख सदस्य और 80 हजार सक्रिय कार्यकर्ता संगठन की ताकत हैं। युवा, महिला, किसान, अनुसूचित जाति, जनजाति, ओबीसी और अल्पसंख्यक मोर्चों के माध्यम से समाज के हर वर्ग तक पहुँचना पार्टी की प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने दो वर्षों में ‘मोदी की गारंटी’ के अधिकांश वादों को पूरा किया है। प्रदेश में 18 लाख प्रधानमंत्री आवासों की स्वीकृति दी गई है और हर पंचायत में औसतन 300 मकानों का निर्माण हो रहा है। अब तक 10 लाख से अधिक परिवारों का गृह प्रवेश कराया जा चुका है। किसानों से 21 क्विंटल प्रति एकड़ धान की खरीदी 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से की जा रही है तथा होली से पहले 25.24 लाख किसानों के खातों में 10 हजार करोड़ रुपये से अधिक की अंतर राशि जमा की जाएगी।

WhatsApp Image 2026 02 16 at 7.22.41 PM

महिला सशक्तिकरण के तहत ‘महतारी वंदन योजना’ के माध्यम से 70 लाख से अधिक महिलाओं को प्रति माह 1000 रुपये की सहायता दी जा रही है। तेंदूपत्ता संग्राहकों को 5500 रुपये पारिश्रमिक और भूमिहीन कृषकों को प्रतिवर्ष 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा दर्शन योजना की शुरुआत की गई है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को इन योजनाओं की जानकारी घर-घर पहुँचानी चाहिए।

बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जम्वाल ने कहा कि पार्टी का लक्ष्य केवल राजनीतिक सफलता नहीं, बल्कि भारत को शक्तिशाली, समृद्ध और आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने ‘मेरा बूथ, सबसे मजबूत’ के संकल्प के साथ कार्यकर्ताओं से संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्र प्रथम की भावना और सेवा-समर्पण से ही विकसित भारत का निर्माण संभव है।

WhatsApp Image 2026 02 16 at 7.22.40 PM

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने कहा कि भाजपा एक कार्यक्रम आधारित पार्टी है, जहाँ सालभर सेवा और संगठनात्मक गतिविधियाँ चलती रहती हैं। 17 फरवरी से प्रशिक्षण वर्ग की कार्यशाला प्रारंभ होगी, जिसमें नए कार्यकर्ताओं को पार्टी की रीति-नीति से अवगत कराया जाएगा। उन्होंने आगामी बजट सत्र को लेकर भी कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का संचालन प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी और यशवंत जैन ने किया। बैठक में प्रदेश महामंत्री डॉ. नवीन मार्कंडेय सहित विभिन्न मोर्चों के प्रदेश अध्यक्ष और बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

R.O. No. : 13538/ 53
Back to top button