AK-47 से हवाई फायरिंग का मामला, IPS अंकिता शर्मा की मुश्किलें बढ़ीं; सरकार के रुख पर नजरें

रायपुर
छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले की एसपी अंकिता शर्मा मुश्किल में आ गई हैं। पारंपरिक 'शस्त्र पूजा' के दौरान महिला आईपीएस अधिकारी और जिले की पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने एके-47 राइफल से हवा में फायरिंग की थी, जिसका वीडियो तेजी से वायरल हुआ था। इस घटना के सामने आने के बाद महकमे में अनुशासन और सुरक्षा के तौर-तरीकों को लेकर नई बहस छिड़ गई है।
दशहरे पर शस्त्र पूजन के दौरान का है वीडियो
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि मंगलवार को विजयादशमी के अवसर पर राजनांदगांव शहर की पुलिस लाइंस में शस्त्र पूजा का आयोजन किया गया था। इस दौरान पुलिस के हथियारों और वाहनों की विधि-विधान से पूजा की गई। इसी बीच, साड़ी पहनी हुई एसपी अंकिता शर्मा हाथ में खतरनाक ऑटोमैटिक हथियार एके-47 थामे नजर आईं और उन्होंने हवा में गोलियां दागीं। उनके अलावा राजनांदगांव के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर का भी एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वे भी एके-47 से फायरिंग करते नजर आ रहे हैं।
सोशल मीडिया पर बंटी लोगों की राय
इस वीडियो के सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स दो गुटों में बंट गए हैं। एक तरफ जहां कुछ लोग एसपी अंकिता शर्मा का बचाव करते हुए इसे सिर्फ एक पारंपरिक रस्म बता रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ कई लोगों ने उनके द्वारा हथियार संभालने और सार्वजनिक रूप से फायरिंग करने के तरीके पर तीखे सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि पुलिस बल के जिम्मेदार पदों पर बैठे अधिकारियों से अनुशासन की उम्मीद की जाती है।
कई अन्य जिलों में भी हुई ऐसी घटनाएं
यह मामला सिर्फ राजनांदगांव तक ही सीमित नहीं है। मंगलवार को सोशल मीडिया पर कई अन्य जिलों के वीडियो भी सामने आए हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, रायपुर, बिलासपुर, रायगढ़, दुर्ग, कबीरधाम और बस्तर समेत प्रदेश के कई अन्य जिलों में भी पुलिसकर्मियों द्वारा पूजा के बाद हथियारों से फायरिंग करने के वीडियो शेयर किए गए हैं, जो अब चर्चा का विषय बन गए हैं।
सरकार ने लिया मामले का संज्ञान
जब मीडिया ने राजनांदगांव की एसपी अंकिता शर्मा से जुड़े इस वायरल वीडियो के बारे में छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव से सवाल किया, तो उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सरकार इस पूरे मामले का संज्ञान लेगी। फिलहाल, वीडियो के सामने आने के बाद प्रशासनिक हलकों में सुगबुगाहट तेज हो गई है और आगे की कार्रवाई पर सबकी नजर टिकी है।





