R.O. No. : 13538/55
छत्तीसगढ़राजनीति और सामुदायिक कार्यक्रमसमाचार

प्रधानमंत्री मोदी के आर्थिक सुधारों से भारत बना पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

चार्टर्ड अकाउंटेंट्स विकसित छत्तीसगढ़ 2047 के निर्माण में निभाएंगे अहम भूमिका

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आर्थिक सुधारों के कारण भारत आज दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है। जीएसटी और कर सुधारों ने कर प्रणाली को सरल और प्रभावी बनाया है, जिससे राजस्व संग्रहण में वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि चार्टर्ड अकाउंटेंट्स (सीए) इस विकास यात्रा के महत्वपूर्ण स्तंभ हैं और विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को हासिल करने में उनकी भूमिका अहम होगी।

मुख्यमंत्री श्री साय आज रायपुर में इंस्टिट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (ICAI) द्वारा आयोजित ‘नेशनल कॉन्फ्रेंस ऑन बैंक ऑडिट एंड एआई’ को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने सीए छत्तीसगढ़ के विशेष लोगो का विमोचन भी किया।

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस बनेगा भविष्य का अहम औजार

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आने वाले समय में पेशेवर सेवाओं के लिए गेम-चेंजर साबित होगा। उन्होंने कहा कि एआई चार्टर्ड अकाउंटेंट्स के कार्य को सशक्त बनाएगा और इसकी गुणवत्ता व गति को बढ़ाएगा। साथ ही उन्होंने एआई से जुड़ी संभावनाओं और चुनौतियों पर भी चर्चा की।

मुख्यमंत्री ने आईसीएआई की ऐतिहासिक भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि 1949 में 1600 सदस्यों के साथ शुरू हुआ यह संस्थान आज चार लाख से अधिक सीए पेशेवरों का मजबूत संगठन बन चुका है, जो भारत की आर्थिक व्यवस्था को सशक्त बना रहे हैं।

 बैंक ऑडिट एंड एआई विषय पर राष्ट्रीय कार्यशाला

नई औद्योगिक नीति से छत्तीसगढ़ को मिला 4 लाख करोड़ का निवेश

मुख्यमंत्री श्री साय ने बताया कि छत्तीसगढ़ की नई औद्योगिक नीति के चलते निवेशकों का आकर्षण बढ़ा है और राज्य को अब तक 4 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लिथियम जैसे दुर्लभ खनिज की उपलब्धता और सेमीकंडक्टर उद्योग की स्थापना से अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी।

उन्होंने बताया कि पिछले 15 महीनों में राज्य सरकार ने कई दूरदर्शी फैसले लिए हैं, जिससे प्रदेश में तेज़ी से विकास हो रहा है और रोजगार के अवसर बढ़ रहे हैं। सरकार की लोक कल्याणकारी योजनाएं नागरिकों के आर्थिक सशक्तिकरण में सहायक सिद्ध हो रही हैं।

छत्तीसगढ़ विज़न डॉक्यूमेंट 2047: विकसित भारत में अहम भूमिका

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ विज़न डॉक्यूमेंट 2047 के तहत प्रदेश को विकसित भारत के निर्माण में अग्रणी भूमिका निभानी है, जिसमें प्रदेश के 3,000 से अधिक चार्टर्ड अकाउंटेंट्स अहम भागीदार होंगे।

इस अवसर पर आईसीएआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष चरणजोत सिंह नंदा ने चार्टर्ड अकाउंटेंसी पेशे की विकास यात्रा और इसकी मौजूदा चुनौतियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सीए पेशेवर प्रधानमंत्री के विकसित भारत 2047 के सपने को साकार करने में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।

कार्यक्रम में प्रदेश मीडिया प्रभारी सीए अमित चिमनानी, सीए पंकज शाह, सीए अभय छाजेड़, सीए विकास गोलछा सहित आईसीएआई रायपुर, भिलाई, बिलासपुर और रायगढ़ ब्रांच के सदस्य उपस्थित रहे।

News Desk

शताब्दी टाइम्स - छत्तीसगढ़ का प्रथम ऑनलाइन अख़बार (Since 2007)
Back to top button